उज्जैन, 30 सितंबर। जिला चिकित्सालय (चरक भवन) उज्जैन में विगत मंगलवार को विश्व हृदय दिवस के अवसर पर हृदय रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अजय निगम ने बताया कि बदलती जीवनशैली, अस्वास्थ्यकर खान-पान, तनाव, व्यायाम की कमी, धूम्रपान तथा तंबाकू सेवन से हृदय रोगों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सीने में तेज दर्द, पसीना आना, घबराहट तथा दर्द का हाथ, कंधे या जबड़े तक फैलना हार्ट अटैक के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी किए तत्काल अस्पताल पहुंचना चाहिए।
नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यम से हृदय रोगों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में बताया गया कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और वजन नियंत्रण अत्यंत आवश्यक है। धूम्रपान एवं तंबाकू सेवन से पूरी तरह बचकर स्वस्थ हृदय और स्वस्थ जीवन अपनाया जा सकता है।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. संगीता पलसानिया, डॉ. निधि जैन, डॉ. अजय निगम, अस्पताल प्रबंधक श्रीमती हिमांगी चौहान, सहायक अस्पताल प्रबंधक श्रीमती वर्षा चौहान, अस्पताल के समस्त स्टाफ सदस्य एवं नर्सिंग छात्राएं उपस्थित रहीं।







