सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम खंडवा द्वारा आज शहर के सभी 6 जोन में सेवा सेतु अभियान हेतु नगरीय स्तरीय शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं नगरीय सेवाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ ही पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों पर आवश्यक कार्यवाही की गई।
इसी क्रम में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के 450 हितग्राहियों के प्रकरणों पर आवश्यक कार्यवाही की गई, जिससे हितग्राहियों को योजना का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया में सहायता मिली। नगर निगम द्वारा जारी आदेश के अनुसार शहर के सभी 6 जोन में निर्धारित स्थानों पर शिविर आयोजित किए गए। संबंधित जोन के अधिकारी-कर्मचारी, वार्ड जमादार एवं सहायक राजस्व निरीक्षक शिविरों में उपस्थित रहे।
नगर निगम द्वारा नागरिकों से अपील की गई कि वे शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आयोजित किए जा रहे सेवा शिविरों में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर योजनाओं की जानकारी एवं आवश्यक सेवाओं का लाभ प्राप्त करें।


