उज्जैन 23 सितंबर। ‘नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं’ के संदेश के साथ नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उज्जैन में जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

अभियान का उद्देश्य नशे के विरुद्ध लड़ाई को जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक जनआंदोलन का रूप देना है। इसी क्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जन अभियान परिषद के समन्वयक श्री अरुण व्यास उपस्थित रहे। इस अवसर पर BSW एवं MSW की छात्राओं ने नशे से दूर रहने, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति स्वयं एवं समाज को जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने की शपथ ली।

इस अभियान को 100 सप्ताह के सतत जनभागीदारी आंदोलन के रूप में संचालित किया जा रहा है। आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार युवाओं के नेतृत्व में विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक एवं राष्ट्र निर्माणकारी कार्यों की ओर दिशा देने के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प साकार किया जाएगा।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, छात्राएं एवं अन्य उपस्थितजनों ने नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया।

मेरा युवा भारत, उज्जैन द्वारा युवाओं से इस अभियान से जुड़कर नशामुक्त समाज एवं सशक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया गया।