प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे एवं रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के लिए आर्थिक संबल का माध्यम बन रही है। योजना के माध्यम से पांढुर्णा के संतोषीमाता वार्ड निवासी श्री चंद्रशेखर सोमकुंवर ने अपने सब्जी व्यवसाय को पुनः व्यवस्थित कर उसका विस्तार किया और अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार किया है। श्री चंद्रशेखर बताते हैं कि वे कई वर्षों से सब्जी का व्यवसाय कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान लॉकडाउन एवं प्रशासनिक प्रतिबंधों के कारण उनकी दुकान बंद हो गई। व्यवसाय बंद होने से आय का प्रमुख स्रोत समाप्त हो गया और परिवार के दैनिक खर्च चलाने में कठिनाई होने लगी। व्यवसाय दोबारा शुरू करने के लिए आवश्यक पूंजी का भी अभाव था।

इसी कठिन दौर में उन्हें नगर पालिका परिषद पांढुर्णा के माध्यम से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की जानकारी मिली। योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने ऋण के लिए आवेदन किया। नगर पालिका द्वारा उन्हें आवेदन से लेकर ऋण प्राप्त करने तक की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया गया।

योजना के प्रथम चरण में भारतीय स्टेट बैंक शाखा पांढुर्णा के माध्यम से 10 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस राशि से उन्होंने आवश्यक सामग्री खरीदी और सब्जी व्यवसाय को पुनः प्रारंभ किया। व्यवसाय से प्राप्त आय से उन्होंने नियमित रूप से ऋण की किश्तों का भुगतान किया और प्रथम चरण का ऋण समय पर चुकता किया। इसके बाद योजना के द्वितीय चरण में 20 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। इस राशि का उपयोग उन्होंने अपने व्यवसाय का विस्तार करने के लिए किया और हाट-बाजार में सब्जी विक्रय का कार्य बढ़ाया। द्वितीय चरण के ऋण का भी नियमित भुगतान करने के बाद उन्हें योजना के तृतीय चरण में 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ।

श्री सोमकुंवर ने बताया कि तीसरे चरण की ऋण राशि से उन्होंने अपने व्यवसाय को और मजबूत किया। इससे उनकी आय में वृद्धि हुई और परिवार की आर्थिक स्थिति पहले की अपेक्षा बेहतर हुई। अब वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के साथ परिवार की आवश्यकताओं को भी सुचारू रूप से पूरा कर पा रहे हैं।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति जताया आभार

श्री चंद्रशेखर सोमकुंवर ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से मिले आर्थिक संबल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योजना से मिले ऋण ने कठिन समय में उनके व्यवसाय को पुनः खड़ा करने और उसे आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का हृदय से धन्यवाद करते हैं। योजना ने छोटे दुकानदारों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर दिया है।