कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के मार्गदर्शन में जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पाटई, बडचिचोली, भटेवाड़ी, ढोलनखापा, घोघरी, गोविदपुर एवं देवखापा में किया गया। कार्यक्रमों में आंगनवाड़ी केंद्रों से जुड़ी माताओं, बच्चों एवं ग्रामीण महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के दौरान माताओं एवं ग्रामीण महिलाओं को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं समुचित विकास के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण कराने तथा आंगनवाड़ी केंद्र के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रमों में आंगनवाड़ी केंद्रों को आकर्षक रूप से सजाया गया। माताओं एवं बच्चों के साथ विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी संदेश दिए गए। साथ ही महिलाओं को बच्चों की देखभाल, स्वच्छता एवं पोषणयुक्त आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
ग्राम पाटई, बडचिचोली, भटेवाड़ी, ढोलनखापा, घोघरी, गोविंदपुर एवं देवखापा में आयोजित कार्यक्रमों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमले तथा बड़ी संख्या में माताएं, बच्चे एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में “हर आंगनवाड़ी केंद्र बनेगा पोषण, शिक्षा और सम्मान का केंद्र” की भावना के साथ माताओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सर्वांगीण विकास के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया।





