कटनी (30 सितंबर)- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धूरी में ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत पोषण एवं एनीमिया जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संतुलित आहार, पोषक तत्वों की आवश्यकता एवं एनीमिया से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।संतुलित आहार से मिलता है आवश्यक पोषण कार्यक्रम प्रभारी शिक्षक सुमेर सिंह लोधी ने विद्यार्थियों को बताया कि स्वस्थ शरीर के लिए संतुलित आहार आवश्यक है। संतुलित आहार में शरीर के लिए आवश्यक विभिन्न पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में मौजूद होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से पौष्टिक भोजन करने तथा भोजन में हरी सब्जियों को शामिल करने की सलाह दी।हरी सब्जियों के सेवन से एनीमिया से बचाव की जानकारी सत्र के दौरान विद्यार्थियों को शरीर में आयरन की आवश्यकता और इसकी कमी से होने वाले एनीमिया के बारे में बताया गया। हरी पत्तेदार सब्जियों सहित आयरन युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों के माध्यम से संतुलित आहार की पूर्ति करने के संबंध में भी जानकारी दी गई।एएनएम एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने दी जानकारी विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती गरिमा चंद्रवंशी ने भी विद्यार्थियों को पोषण के महत्व के बारे में जानकारी दी। क्षेत्र की एएनएम श्रीमती वंदना शर्मा ने पोषण एवं एनीमिया के कारण, बचाव और आवश्यक सावधानियों के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक किया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुश्री शिवानी मलिक एवं विद्या तिवारी ने भी विद्यार्थियों को पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।शिक्षकों ने किया सहयोग कार्यक्रम का संचालन अनामिका पांडे ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रवीण उपाध्याय ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में नीशू पटेल, दीपक हनुमत, राकेश राजपाल, मनोज चक्रवर्ती, दिनेश तिवारी, सचिन हल्दाकर, मोनिका विश्वकर्मा, पूजा मरावी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने सहयोग प्रदान किया।





