कटनी (24 सितंबर) - 11वें आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में गुरूवार को कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले में संचालित आयुष विंग, आयुष औषधालय एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आयुष विभाग द्वारा निःशुल्क चिकित्सा शिविर एवं विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। शिविरों में कुल 1302 मरीजों को लाभान्वित किया गया।बीपी, शुगर और प्रकृति परीक्षण की सुविधा जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार मेहर ने बताया कि शिविरों में मरीजों की निःशुल्क बी.पी. एवं शुगर जांच, प्रकृति परीक्षण तथा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आयुर्वेद पद्धति के अनुसार आहार-विहार, दिनचर्या एवं ऋतुचर्या के संबंध में जानकारी भी दी गई।विभिन्न रोगों का उपचार और औषधियों का हुआ वितरण आयुर्वेद दिवस की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” के तहत गर्दन, कमर एवं जोड़ों के दर्द, साइटिका, लकवा, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, सिरदर्द, माइग्रेन, अनिद्रा, मानसिक तनाव, पथरी, पित्ताशय की पथरी, सोरायसिस, एग्जिमा, चर्मरोग, एसिडिटी, उदर रोग, अपच, लीवर रोग, थायरॉइड, पाइल्स, सर्दी-जुकाम एवं अस्थमा सहित विभिन्न रोगों का निःशुल्क उपचार किया गया। मरीजों को आयुर्वेद एवं होम्योपैथी औषधियों का वितरण भी किया गया।योग, स्वच्छता और पौधरोपण गतिविधियां कार्यक्रम के दौरान जागरूकता गतिविधियों के साथ स्वच्छता अभियान, औषधीय पौधों का पौधरोपण, योग शिविर एवं पोषण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।





