जब अवसर और संकल्प साथ मिलते हैं तो छोटे व्यवसाय भी सफलता की नई इबारत लिखते हैं। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना तथा राज्य सरकार के सहयोगात्मक प्रयासों ने ऐसे हजारों छोटे कारोबारियों को आगे बढ़ने का अवसर दिया है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने परिवार के बेहतर भविष्य के लिए लगातार संघर्ष कर रहे थे। छिंदवाड़ा के श्री मुकेश साहू की कहानी भी इसी बदलाव और आत्मविश्वास की कहानी है, जिन्होंने योजना से मिली वित्तीय सहायता के बल पर अपने छोटे व्यवसाय को नई पहचान दिलाई। लालबाग श्रीवास्तव कॉलोनी निवासी श्री मुकेश साहू गुपचुप, चाट एवं दाबेली का व्यवसाय कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। व्यवसाय के लिए पर्याप्त पूंजी उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें आवश्यक सामग्री सीमित मात्रा में खरीदनी पड़ती थी। ग्राहकों की मांग के अनुरूप व्यवसाय का विस्तार करना कठिन था और आय भी सीमित बनी हुई थी। नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा के माध्यम से उन्हें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की जानकारी प्राप्त हुई। उन्होंने योजना के अंतर्गत आवेदन किया और वर्ष 2020 में प्रथम चरण के तहत 10 हजार रुपये का ऋण प्राप्त किया। इस राशि का उपयोग उन्होंने कच्ची सामग्री एवं अन्य आवश्यक सामान की खरीदी तथा कार्यशील पूंजी बढ़ाने में किया, जिससे उनके व्यवसाय को गति मिली। समय पर ऋण चुकाने और व्यवसाय को बेहतर ढंग से संचालित करने पर उन्हें वर्ष 2021 में द्वितीय चरण के अंतर्गत 20 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस सहायता से उन्होंने व्यवसाय में और अधिक निवेश किया तथा ग्राहकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने लगे। व्यवसाय में लगातार सुधार के साथ उनकी आय में भी वृद्धि हुई। योजना का लाभ प्रभावी रूप से लेने और नियमित ऋण अदायगी के चलते उन्हें वर्ष 2023 में तृतीय चरण के अंतर्गत 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस राशि से उन्होंने अपने व्यवसाय को और अधिक व्यवस्थित किया तथा आवश्यक सामग्री की उपलब्धता बढ़ाकर कारोबार का दायरा विस्तृत किया। श्री मुकेश साहू बताते हैं कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से प्राप्त आर्थिक सहायता ने उनके व्यवसाय को नई मजबूती प्रदान की है। व्यवसाय में हुई वृद्धि से उनकी आय में सुधार हुआ है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति पहले की अपेक्षा बेहतर हुई है। उनके दो बच्चे हैं, जिनमें एक कक्षा 7वीं एवं दूसरा कक्षा 9वीं में अध्ययनरत है। व्यवसाय से प्राप्त बढ़ी हुई आय के कारण अब वे अपने बच्चों की शिक्षा पर बेहतर ढंग से ध्यान दे पा रहे हैं और उनकी पढ़ाई भी सुचारू रूप से संचालित हो रही है। परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए भी वे आत्मविश्वास के साथ कार्य कर रहे हैं। आज श्री मुकेश साहू अपने व्यवसाय को पहले से अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने उन्हें आर्थिक संबल प्रदान कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर दिया है। यह योजना छोटे व्यवसायियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाकर उनके सपनों को साकार करने का माध्यम बन रही है।




