सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झकनावदा में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नागरिकों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रक्तदान किया, जिसके माध्यम से कुल 121 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट रक्तदान शिविर में पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। जरूरत के समय उपलब्ध रक्त किसी व्यक्ति के जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि जिले में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति नागरिकों, विशेषकर युवाओं की बढ़ती सहभागिता सराहनीय है। समाज के पात्र एवं स्वस्थ नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले स्वास्थ्य अमले, रक्तदाताओं एवं संबंधित सभी सहयोगियों की सराहना की।
इसके पश्चात कलेक्टर डॉ. भरसट ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झकनावदा का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध ईसीजी सुविधा के माध्यम से ईसीजी जांच भी कराई गई। कलेक्टर ने स्वास्थ्य अमले को मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध जांच सुविधाओं का अधिकाधिक लाभ आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद श्रीमती रीतिका पाटीदार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम एल चोपड़ा एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।







