सेवा संकल्प अभियान 2026 एवं ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, विकासखंड मुरैना के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था मुरैना यूथ अकादमी द्वारा ग्राम पंचायत जेवरा खेड़ा के पंचायत भवन में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा विभिन्न बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों सहित ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर एवं हीमोग्लोबिन सहित अन्य आवश्यक बुनियादी स्वास्थ्य जांचें की गईं। जांच के उपरांत जरूरतमंद मरीजों को शिविर स्थल पर ही निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। शिविर में जन अभियान परिषद मुरैना विकासखंड समन्वयक श्री अनिल मोदी, नवांकुर संस्था प्रतिनिधि श्री संदीप सेंगर, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) डॉ. विवेक शर्मा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सुमन प्रजापति तथा आशा कार्यकर्ता श्रीमती ममता एवं श्रीमती कस्तूरी कुशवाह सहित अन्य सेवा प्रदाता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि श्री संदीप सेंगर ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर ही बेहतर जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को समय-समय पर अपने स्वास्थ्य की जांच कराते रहना चाहिए, ताकि किसी बीमारी की समय रहते पहचान हो सके और गंभीर होने से पहले उसका उचित उपचार प्रारंभ किया जा सके। कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर डॉ. विवेक शर्मा द्वारा शिविर में उपस्थित बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में आवश्यक परामर्श देते हुए ग्रामीणों को खान-पान, स्वच्छता, नियमित दिनचर्या एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य शिविर में उपलब्ध निःशुल्क जांच एवं दवा वितरण की सुविधा की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी पहल बताया।