धार जिले के युवाओं के लिए प्रशासन के कामकाज को समझने और नेतृत्व व तकनीकी कौशल विकसित करने का अवसर खुला है। मुख्यमंत्री यंग इंटर्न्स फॉर गुड गवर्नेंस प्रोग्राम के तहत जिले के प्रत्येक विकासखंड में 15 इंटर्न के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान की इस इंटर्नशिप की अवधि एक वर्ष होगी। कार्यक्रम में प्रशासनिक समझ के साथ जीवन कौशल, संचार दक्षता, विश्लेषणात्मक सोच और तकनीकी क्षमता के विकास पर जोर रहेगा।

खास बातें

  • हर विकासखंड के लिए 15 इंटर्न का प्रावधान
  • आयु सीमा 18 से 29 वर्ष निर्धारित
  • इंटर्नशिप एक वर्ष की, नियमानुसार स्टाइपेंड

कौन कर सकता है आवेदन

आवेदक का मध्य प्रदेश का स्थानीय निवासी और धार जिले का मूल निवासी होना जरूरी है। उसकी आयु 18 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से शैक्षणिक सत्र 2022-23, 2023-24 या 2024-25 में स्नातक अथवा स्नातकोत्तर उपाधि पाने वाले युवा पात्र होंगे। उपाधि में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है।

केवल ई-सेवा पोर्टल से आवेदन

जिला समन्वयक सेडमैप प्रकाश तिलक के अनुसार आवेदन केवल एमपी ई-सेवा पोर्टल पर संबंधित सेवा खोजकर ऑनलाइन अपलोड करना होगा। किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। चयनित इंटर्न के लिए कार्यक्रम के नियमों के अनुसार स्टाइपेंड का प्रावधान है।