सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिले में विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आगामी 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा के मार्गदर्शन में आयुष विंग, आयुष विभाग हरदा द्वारा मंगलवार को शासकीय कन्या शाला में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 150 बालिकाओं ने चिकित्सा लाभ प्राप्त किया तथा लगभग 550 बालिकाओं को आयुर्वेद, पोषण एवं औषधीय पौधों की पहचान, गुण, महत्व और उनके उपयोग की जानकारी दी गई। बालिकाओं को एनीमिया से बचाव, संतुलित आहार, योग-आसन, प्राणायाम, माहवारी के समय साफ-सफाई से रहने आदि विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
शिविर में आयुष विभाग के चिकित्सक डॉ. प्रियंका मीना वर्मा, डॉ. मोना सकवाया, डॉ. मीनाक्षी चौरसिया, डॉ. मनीष गौर, शाला प्राचार्य श्रीमती मंजुलता खरे, श्री बलराम मंडलोई, श्री सुरेश सोंधिया एवं यश डोलिया एवं समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। इसके साथ ही ब्लॉक स्तरीय शिविर टिमरनी के छिदगांवमेल एवं खिरकिया में भी आयोजित किये गये, जिनमें 300 से अधिक लाभार्थियों द्वारा आयुर्वेद चिकित्सा का लाभ लिया गया।







