ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण द्वारा आयोजित श्रीमंत माधवराव सिंधिया व्यापार मेला इस वर्ष 15 दिसंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा। मेले में वर्ष 2026-27 के लिए दुकानों का आवंटन एमपी ऑनलाइन के माध्यम से किया जाएगा। दुकान आवंटन की प्रक्रिया 9 अक्टूबर 2026 से शुरू होकर 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। प्रथम चरण में ऑटोमोबाइल सेक्टर, झूला सेक्टर एवं पक्की दुकानों के लिए आवेदन एवं आरक्षण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। शेष अस्थाई दुकानें, चबूतरे आदि के लिए आवेदन एवं आरक्षण की प्रक्रिया आगामी सप्ताह में प्रारंभ होगी। मेला प्राधिकरण ने बताया कि वर्ष 2025-26 की बकाया राशि वाले दुकानदारों एवं व्यापारियों को कवर्ड एरिया, अतिरिक्त विद्युत लोड, निर्धारित समय के बाद दुकान लगाने पर लगाई गई पेनल्टी सहित अन्य बकाया राशि जमा करने के बाद ऑनलाइन एनओसी प्राप्त होगी। बकाया राशि वाले दुकानदारों की सूची मेला प्राधिकरण के सूचना-पटल पर चस्पा की गई है। ऐसे दुकानदार आवेदन के लिए तभी पात्र होंगे, जब वे अपनी बकाया राशि जमा कर देंगे।
ऑनलाइन आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
मेले में दुकान के लिए आवेदन करने वाले व्यापारियों एवं दुकानदारों को एमपी ऑनलाइन पर एक फोटो, पैन कार्ड तथा निवास संबंधी दस्तावेज (आधार कार्ड को छोड़कर) ऑनलाइन अपलोड करना होगा। बकायादार आवेदकों को बकाया राशि जमा करने की एनओसी भी ऑनलाइन अपलोड करनी होगी। व्यापारियों एवं दुकानदारों की सुविधा के लिए मेला कलामंदिर रंगमंच में ऑनलाइन दुकान आवंटन कैंप भी लगाया गया है। ऑनलाइन आवेदन से संबंधित किसी भी समस्या के निराकरण के लिए एमपी ऑनलाइन प्रभारी श्री आशीष सक्सैना के मोबाइल नंबर 7049923890 पर संपर्क किया जा सकता है। मेला प्राधिकरण ने सभी व्यापारियों एवं दुकानदारों से निर्धारित अवधि में एमपी ऑनलाइन के माध्यम से आवेदन कर दुकान आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण करने का अनुरोध किया है।




