भारत सरकार युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय राष्ट्रीय सेवा योजना निदेशालय नई दिल्ली एवं क्षेत्रीय निदेशालय (मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ )भोपाल के निर्देशानुसार भारत सरकार द्वारा देश भर के 200 चयनित स्थलों पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के माध्यम से आज नशामुक्त युवा अभियान' के तहत 'मेरा स्वास्थ्य मेरा गौरव' विषय पर विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
भारत सरकार द्वारा चयनित सूची में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ राज्य के 13 स्थानों में चयनित शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर विद्यालय क्रमांक-1, भिण्ड में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्वक किया गया। यह सम्पूर्ण आयोजन स्नातकों एनएसएस इकाई के माध्यम से किया गया, जिसमें जिला चिकित्सालय भिंड के प्रशिक्षित एवं अनुभवी चिकित्सीय दल द्वारा 325 छात्र छात्राओं का सफल परीक्षण किया गया।
शिविर में 15 से 18 आयु वर्ग के छात्रों की हाइट, वेट, बीपी, हिमोग्लबिन, रक्त शर्करा परीक्षण के साथ-साथ आँखों एवं दांतों का भी परीक्षण विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया गया और उन्हें चिकित्सीय परामर्श दिया। शिविर का शुभारंभ मां सरस्वती पर दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत एनएसएस बैज लगाकर माल्यार्पण और पौधे भेंट करके किया गया।
मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद भिण्ड की अध्यक्ष श्रीमती वर्षा वाल्मीकि और विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत भिण्ड की अध्यक्ष श्रीमती सरोज बघेल, माय भारत केंद्र के जिला समन्वयक श्री आशुतोष साहू, जिला बाल संरक्षण अधिकारी महिला बाल विकास श्री अजय सक्सेना, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ डीके शर्मा मंचासीन रहे। अध्यक्षता प्राचार्य पीएस चौहान ने की।
शिविर में जिला चिकित्सालय की विशेषज्ञ टीम में डॉ. सलोनी खंडेलवाल डेंटल सर्जन, डॉ दलवीर सिंह बंसल आरबीएसके एमओ, धर्मवीर यादव किशोर स्वास्थ्य परामर्शदाता, स्नेहा कुशवाह एएनएम, अवनीश दैपुरिया जिला कार्यक्रम समन्वयक एवं रविदत्त शर्मा उपस्थित रहे। शिविर में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत 325 बच्चों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
दूसरा सत्र विशेषज्ञ व्याख्यान माला का हुआ जिसमें जिला स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला क्षय अधिकारी डॉक्टर डीके शर्मा द्वारा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी छात्रों को विस्तार से दी गई। उन्होंने कहा पहला सुख निरोगी काया।यदि हम शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ है, तो स्वयं और परिवार के दायित्वों के निर्वहन के साथ सामाजिक विकास और राष्ट्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। युवाओं को नशे से सर्वथा दूर रहना चाहिए। नशा सर्वनाश की जड़ है। संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, एक्सरसाइज हमें सभी प्रकार से फिट रखती है। रोजाना योग, ध्यान और साधना भी अच्छे स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है।




