कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के ग्राम भेजरी में निर्माणाधीन सीनियर आदिवासी बालक छात्रावास भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति एवं विद्यार्थियों के लिए प्रस्तावित सुविधाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने भवन के विभिन्न कक्षों, लाइब्रेरी, भोजन कक्ष, कंप्यूटर कक्ष, पेयजल व्यवस्था, वाटर कूलर सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया।

कलेक्टर ने छात्रावास अधीक्षक से छात्र संख्या एवं वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। छात्रावास अधीक्षक ने बताया कि छात्रावास की क्षमता 50 विद्यार्थियों की है, जिसमें वर्तमान में 42 विद्यार्थी निवासरत हैं। नवीन भवन के पूर्ण होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ अधिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री झा ने छात्रावास परिसर का भ्रमण कर भवन की छत, शौचालय, पेयजल, वाहन सुविधा सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने भवन की छत को व्यवस्थित एवं सुरक्षित करने तथा निर्माण कार्य में गुणवत्ता और आवश्यक मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने कहा कि छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, इसलिए भवन निर्माण के साथ-साथ सभी मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग, तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।